द फॉलोअप डेस्क
हरमू बाजार में बीती रात दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। जिसके बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। दरअसल यहां एक स्टूडियो के बाहर खड़ी बाइक में स्कूटी सवार ने टक्कर मार दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गया। देखते-देखते बात हाथापाई पर आ गई। इसमें एक स्टूडियो संचालक समेत पांच लोग जख्मी हो गए। घटना के विरोध में बाजार के दुकानदारों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। देर रात सिटी एसपी शुभांशु कुमार जैन अरगोड़ा थाना पहुंचे और लोगों को शांत कराया। आरोप है कि देर रात थाने से लौटने के दौरान भीड़ नारेबाजी करने लगी तब पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और हाथापाई की।

लाठी,रॉड और धारदार हथियार से पीटा
जानकारी के अनुसार हरमू बाजार में रात करीब साढ़े आठ बजे आशीष स्टूडियो के सामने संचालक की बाइक खड़ी थी। तभी एक स्कूटी सवार बाइक से टकरा गया। इसके बाद स्टूडियो संचालक आशीष कुमार ने स्कूटी सवार युवक को बाइक की मरम्मत कराने या फिर हर्जाना देने को कहा। इस पर युवक ने परिजनों को फोन पर जानकारी दी। थोड़ी देर बाद 15-20 की संख्या में लाठी,रॉड और धारदार हथियार से लैस लोग वहां पहुंचे। सभी मिलकर आशीष को पीटने लगे। बीचबचाव करने आए हरमू बाजार समिति के अध्यक्ष बलराम ओझा समेत अन्य चार को भी लोगों ने जख्मी कर दिया। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट के बाद सभी वहां से फरार हो गए।

11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इसके बाद स्टूडियो व अन्य दुकानदारों ने घटना के विरोध में अरगोड़ा थाने का घेराव किया। इस दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता, पूर्व वार्ड पार्षद अरुण कुमार सहित अन्य लोग थाना पहुंचे। इसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी दी। इसे लेकर हरमू बाजार के स्टूडियो संचालक ने 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद मामला शांत हुआ।